- मोबाइल के कैमरे से करेंगी क्रांति का आगाज
- मंसूरपुर चमरुआ में एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला आयोजित
मड़वन। मुजफ्फरपुर जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत मंसूरपुर चमरुआ गांव में अप्पन समाचार फाउंडेशन के बैनर तले एक दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण किशोरियों और महिलाओं को लेखन एवं पत्रकारिता के विभिन्न आयामों से परिचित कराना था. कार्यशाला में प्रतिभागियों को कहानी, आलेख, रिपोर्ट, समाचार तथा स्क्रिप्ट लेखन की बारीकियां सिखाई गईं. कार्यक्रम में प्रशिक्षक के रूप में यशोदा कुमारी पासवान, फूलदेव पटेल और अमृतांज इंदीवर उपस्थित रहे।

अमृतांज इंदीवर ने प्रतिभागियों को अप्पन समाचार की शुरुआत, उसके उद्देश्य और भावी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने स्थानीय मुद्दों की पहचान, लेखन के लिए विभिन्न स्रोतों के उपयोग, संबंधित लोगों से बातचीत, समाचार लेखन के छह ककार, आमुख, मुख्य भाग तथा उपसंहार आदि के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने कहा कि जमीनी मुद्दों को समझकर तथ्यपरक और प्रभावी लेखन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है.

यशोदा कुमारी पासवान ने महिलाओं से जुड़े मुद्दों, ग्राम पंचायत की भूमिका तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की. वहीं, फूलदेव पटेल ने केस स्टडी के माध्यम से समाचार के विभिन्न पक्षों को समझाते हुए व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया.

कार्यशाला में रेखा देवी, अनुष्का कुमारी, प्रीति कुमारी, मुन्नी कुमारी, खुशबू कुमारी, चांदनी कुमारी, नंदनी कुमारी, सोनी कुमारी, अंजली कुमारी, स्वाति कुमारी, साक्षी कुमारी, सोनाली कुमारी और सोनम सहित अन्य महिलाओं एवं किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने कहा कि इस कार्यशाला से उन्हें अपने आसपास के मुद्दों की पहचान करने और उन्हें लेखन के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने लाने की नई समझ और प्रेरणा मिली.