‘खूब लिखो, खूब पढ़ो’ मुहिम के तहत 12वीं की छात्रा पायल कुमारी सम्मानित
मुजफ्फरपुर। गायघाट प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय जारंग पूर्वी एवं मध्य विद्यालय जारंग डीह के संयुक्त तत्वावधान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर अप्पन समाचार फाउंडेशन की ओर से छात्राओं में लेखन क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान ‘खूब लिखो, खूब पढ़ो’ के तहत उत्कृष्ट कहानी/आलेख लेखन के लिए कक्षा 12वीं की छात्रा पायल कुमारी को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के दौरान अप्पन समाचार फाउंडेशन की ओर से पायल कुमारी को 500 रुपए का चेक प्रदान किया गया. यह पुरस्कार विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार एवं अमरनाथ सिंह के हाथों प्रदान किया गया. अतिथियों एवं शिक्षकों ने पायल कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे इसी तरह निरंतर पढ़ने और बेहतर लिखने के लिए प्रेरित किया.

सनद रहे कि ‘खूब लिखो, खूब पढ़ो’ अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से गांव के सरकारी स्कूलों की छात्राओं में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी लेखन क्षमता, रचनात्मक सोच, अभिव्यक्ति और कहानी/आलेख लेखन के कौशल को विकसित करना है. अभियान के तहत छात्राओं को अपने आसपास के सामाजिक मुद्दों, अनुभवों और विचारों को शब्दों के माध्यम से व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए दिनेश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है. विद्यार्थियों के लिए writing, speaking और communication skills जैसी क्षमताओं का विकास भी बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि रचनात्मक कौशल का उपयोग विद्यार्थी अपने व्यवहारिक जीवन के साथ-साथ आगे व्यावसायिक एवं प्रोफेशनल जीवन को बेहतर बनाने में कर सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से अच्छी किताबें और समाचार-पत्र पढ़ने तथा अपने विचारों को लिखने की आदत विकसित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि पढ़ने और लिखने के निरंतर अभ्यास से आत्मविश्वास बढ़ता है और अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होती है.

विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरनाथ सिंह ने भी छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. अप्पन समाचार फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने बताया कि ‘खूब लिखो, खूब पढ़ो’ मुहिम को आगे भी विद्यालयों में जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं अपनी लेखन एवं अभिव्यक्ति की क्षमता को विकसित कर सकें और अपनी आवाज को प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचा सकें.
इस अवसर पर राजेश रंजन, रवि पांडेय, राहुल कुमार, भरतलला, वसुंधरा कुमारी, सोनी कुमारी, किसन कुमार, विकास झा, प्रशांत झा, आदित्य कुमार, राहुल कुमार, आभा कुमारी, शोभा कुमारी, प्रियंका कुमारी, नम्रता कुमारी, अल्पना मिश्रा एवं अमृतांज इंदीवर सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद थे ।