चांदकेवारी गांव में लड़कियों ने सीखा वीडियो स्टोरी बनाना

चांदकेवारी गांव में लड़कियों ने सीखा वीडियो स्टोरी बनाना
  • आलेख लिखना व फील्ड रिपोर्टिंग के भी सीखे गुर

चांदकेवारी (मुजफ्फरपुर)। बुधवार को जिले के पारू प्रखंड अंतर्गत चांदकेवारी गांव में ग्रामीण महिलाओं की आवाज़ को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘अप्पन समाचार’ की ओर से एकदिवसीय सामुदायिक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया. वर्कशॉप में पारू व साहेबगंज प्रखंड की कुल आठ लड़कियों ने भाग लिया.

चांदकेवारी गांव में आयोजित सामुदायिक मीडिया कार्यशाला में वीडियो स्टोरी बनाना सीखतीं लड़कियां

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागी लड़कियों को लेखन, कैमरा संचालन, फील्ड रिपोर्टिंग और समाचार तैयार करने की प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं. प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की लड़कियों को सामुदायिक पत्रकारिता के लिए तैयार करना और उन्हें अपने गांव-समाज की समस्याओं तथा सकारात्मक पहल को सामने लाने के लिए सक्षम बनाना था.

प्रशिक्षण सत्र का संचालन अप्पन समाचार के ट्रेनर फूलदेव पटेल ने किया. उन्होंने प्रतिभागियों को समाचार लेखन की बारीकियों, कैमरे के उपयोग, इंटरव्यू लेने की तकनीक और फील्ड में जाकर खबर कवर करने की व्यावहारिक जानकारी दी. वर्कशॉप के बाद सभी प्रतिभागी लड़कियों को फील्ड में भेजा गया, जहां उन्होंने जाकर विभिन्न स्थानीय मुद्दों और गतिविधियों पर स्टोरी कवर की. इस अभ्यास से उन्हें वास्तविक परिस्थितियों में रिपोर्टिंग करने का अनुभव प्राप्त हुआ.

चांदकेवारी गांव में आयोजित सामुदायिक मीडिया कार्यशाला में वीडियो स्टोरी बनाना सीखतीं लड़कियां

कार्यशाला में शामिल प्रतिभागियों में सिमरन सहनी, रिमझिम कुमारी, रिंकल कुमारी, श्रीति राज, काजल कुमारी, नेहा कुमारी, सपना कुमारी और राधा कुमारी शामिल थीं.
इस अवसर पर बताया गया कि अप्पन समाचार ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित एक सामुदायिक मीडिया पहल है, जो गांवों की समस्याओं, सामाजिक मुद्दों और सकारात्मक बदलावों को सामने लाने का कार्य कर रहा है. ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से नई लड़कियों को पत्रकारिता से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like these